जिला के किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में एक सप्ताह से पीलिया बीमारी से संबंधित कोई मामला नहीं आया है। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने शुक्रवार को यहां स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के बाद दी।
उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि जिला में अभी तक किसी भी पेयजल स्रोत के पानी के दूषित होने की पुष्टि भी नहीं हुई है। आईपीएच विभाग की ओर से सभी पेयजल स्रोतों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिलाई में पीलिया रोग से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई है। मिडिया के माध्यम से जगतराम नामक व्यक्ति के पीलिया रोग से मृत्यु होने बारे में समाचार प्रकाशित हुआ था, जिस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेते हुए इस बारे में जांच के निर्देश दिए गए थे। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद शांडिल की ओर से जगतराम के घर पहुंचकर इस बारे में जांच की गई जिसमें जगतराम की मृत्यु पीलिया से नहीं बल्कि क्षयरोग से हुई थी। चिकित्सक के अनुसार जगतराम को क्षयरोग के अलावा लीवर में काफी समस्या थी।
बाक्स....
सीएमओ ने रेणुका अस्पतालों का किया दौरा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. संजय शर्मा ने शुक्रवार सुबह से जमटा, ददाहू, संगड़ाह, हरिपुरधार, चाढना, नौहराधार, बोगधार सहित अनेक स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा कर मौके का जायजा लिया। इस अस्पतालों में पीलिया रोग से पीड़ित किसी भी व्यक्ति के होने की पुष्टि नहीं हो सकी। सीएमओ ने बताया कि जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पीलिया से निपटने के लिए जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हैं और क्षेत्रीय अस्पताल में चौबीस घंटे सेवाएं उपलब्ध हैं।