-बजट अभाव में कछुआ गति से हो रहा कार्य, ठेकेदार की करोड़ों की पेमेंट अटकी
-15 अगस्त को लोक निर्माण विभाग मंत्री भी पांवटा कॉलेज योजना कार्य का ले चुके हैं जायजा
-करीब 11.48 करोड़ बजट से निर्माणाधीन है पांवटा साहिब महाविद्यालय भवन
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। करीब 11.48 करोड़ बजट से वर्ष 2022 से पांवटा साहिब कॉलेज का आधुनिक लिफ्ट युक्त चार मंजिला भवन का कार्य शुरू हुआ। इसको दिसंबर 2025 से पहले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया, लेकिन ठेकेदार की करोड़ों की पेमेंट नहीं मिल पाई है। बजट के अभाव में कार्य की रफ्तार मंद पड़ गई। विगत वर्ष प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भवन कार्य का जायजा भी लिया, लेकिन अब तक भी उचित बजट का प्रावधान नहीं हो सका है।
बता दें कि जिला सिरमौर में नाहन के बाद पांवटा साहिब कॉलेज में सर्वाधिक करीब 2000 तक छात्र-छात्राएं शिक्षारत रहते हैं। इसमें एमबीए, पीजीडीसीए व बीसीए के विद्यार्थी भी शामिल हैं। इस समय कॉलेज की अधिकतर कक्षाएं, विज्ञान ब्लॉक व पुराने भवन में संचालित होती हैं। कॉलेज में पुराने भवन को तोड़ कर अतिरिक्त कला एवं वाणिज्य शैक्षणिक भवन तैयार करने की मांग उठती रही। इसके बाद चार अप्रैल 2022 को हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस योजना का शिलान्यास किया था।
आधुनिक चार मंजिल के भवन में कला, वाणिज्य वर्ग, एमए कक्षाएं, परीक्षा हॉल, आईटी हॉल के लिए बेहतरीन व्यवस्था होगी। ये जनपद का प्रथम कॉलेज होगा जिसमें लिफ्ट योजना, हर फ्लोर पर पेयजल और शौचालय की सुविधाएं होंगी। इस भवन में मैदानी तल, कॉमन रूम, भाषा प्रयोगशाला, स्टाफ रूम, डाइनिंग हॉल, शौचालय, एमए की कक्षा का क्लास रूम तथा चौकीदार कक्ष बनेगा। प्रथम तल व दूसरे तल पर विद्यार्थियों के लिए क्लास रूम बन रहे हैं। भवन के अंतिम तृतीय तल पर एक बड़ा लेक्चर थियेटर, परीक्षा केंद्र और एक परीक्षा नियंत्रक कक्ष का निर्माण हो रहा है।
भवन बन जाने पर कला, वाणिज्य वर्ग, एमए कक्षाएं, परीक्षा हॉल, आईटी हॉल के लिए बेहतरीन व्यवस्था होगी, लेकिन बजट अभाव में कार्य की गति काफी मंद पड़ चुकी है।
वरिष्ठ अधिशासी अभियंता दलीप सिंह तोमर ने बताया कि नये तैयार हो रहे आधुनिक पांवटा कॉलेज भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। दिसंबर, 2025 तक योजना तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। बजट का प्रावधान होने पर योजना का शेष कार्य गति पकड़ सकेगा।
बाक्स...
बजट प्रावधान को निदेशक शिक्षा विभाग को पत्र भेजा : डॉ. जगदीश चौहान
पांवटा साहिब कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने कहा कि निदेशक शिक्षा विभाग को बजट प्रावधान के बारे में पत्र भेजा गया है। बजट प्रावधान होने पर अतिरिक्त कला एवं वाणिज्य शैक्षणिक भवन योजना तैयार हो सकेगी। इससे कला वर्ग, वाणिज्य वर्ग, एमए व अन्य शिक्षार्थियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बाक्स...
लोनिवि मंत्री से आश्वासन मिला पर योजना को बजट नहीं
- लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विगत 15 अगस्त को सिरमौर दौरे पर पांवटा साहिब में निर्माणाधीन कॉलेज भवन कार्य का निरीक्षण किया। योजना के लिए वैकल्पिक बजट प्रावधान के दिशा निर्देश दिए हैं, लेकिन बजट का प्रावधान अब तक नहीं हो सका है।
संवाद
...