-जलशक्ति विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ की नारेबाजी, भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
-वक्ताओं ने कहा, युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर विभाग और विधायक स्थिति स्पष्ट करें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। जलशक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया और कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में शनिवार को भाजपा नेड़ापार मंडल ने शिलाई में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विभाग और शिलाई के विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विभाग की भर्ती नीति और कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के युवाओं में रोष है। रोजगार से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं के सवालों का जवाब दें और भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करें।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जलशक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया और संबंधित नीतियों की निष्पक्ष समीक्षा कर युवाओं के हित में निर्णय लिया जाए। साथ ही विभाग के अधिकारियों और शिलाई विधायक से इस मामले में जनता के सामने अपना पक्ष रखने को कहा। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक युवाओं से जुड़े इन सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में भाजपा नेड़ापार मंडल अध्यक्ष साधुराम चौहान, महामंत्री नरेश चौहान और कुलदीप शर्मा, किसान मोर्चा जिला सिरमौर के महामंत्री दिनेश चौहान, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, उपाध्यक्ष मनोज पुंडीर, महेंद्र सिंह, परशुराम सेवा समिति अध्यक्ष तरुण शर्मा, प्रवीण चौहान, नीटू शर्मा, हरिचंद शर्मा और संजय चौहान सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।-