कहा, प्रत्येक बूथ पर 10 महिलाएं साथ जोड़ने का लक्ष्य किया गया निर्धारित
पांवटा साहिब में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की बैठक हुई आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा पांवटा साहिब की विश्राम गृह में बैठक आयोजित हुई। महिला मोर्चा पांवटा इकाई की अध्यक्ष गुरमीत कौर ने बैठक की अध्यक्षता की। रेस्ट हाउस पांवटा साहिब में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में पांवटा साहिब के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 10 महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि पांवटा मंडल में कुल 67 बूथ हैं और सभी बूथों पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। भाजपा की महिला कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर निरंतर संगठन विस्तार के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए पूर्णत: वचनबद्ध है तथा महिलाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है।
विधायक सुखराम चौधरी ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर महिलाओं के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने से पूर्व कांग्रेस ने 18 से 59 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने का वादा किया था और चुनावों के दौरान इसके लिए फार्म भी भरवाए गए, लेकिन सत्ता में आए तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवानी वर्मा ने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। बैठक में भाजपा मंडल पांवटा अध्यक्ष हितेंद्र कुमार तथा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा संगठनात्मक लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
संवाद