ददाहू (सिरमौर)। नववर्ष की पूर्व संध्या पर जिले में पर्यटकों की भारी रौनक दिखाई दी। निजी और पर्यटन निगम के होटल शुक्रवार को पैक रहे। इससे होटल व्यवसायियों को जहां बड़ी राहत मिली, वहीं पर्यटकों की आवभगत के लिए विशेष प्रबंध किए थे।
जिले के अधिकतर होटलों में नववर्ष के मौके पर एडवांस बुकिंग हो गई थी। शनिवार और रविवार के लिए भी लगभग सभी होटलों में एडवांस बुकिंग की जा चुकी है। पर्यटकों के उमड़ने से होटल व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं। ठिठुरन भरी सर्दी के बावजूद भी पर्यटकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पर्यटन निगम के रेणुका होटल सहित जमटा के निजी होटलों में शतप्रतिशत व अन्य होटलों में 70 से 80 फ़ीसदी बुकिंग हो चुकी है। होटल व्यवसायियों को अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। पर्यटन निगम के रेणुका होटल में 14 कमरों को पर्यटकों ने एडवांस में बुक कर लिया है। जबकि साथ लगते जमटा के निजी होटलों में भी 80 फीसदी कमरों की बुकिंग हो जा चुकी है। हालांकि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन उसके बावजूद भी पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी है। पर्यटकों के लिए होटलों को विशेष तौर पर सजाया गया है। यहां डीजे व कपल्स डांस आदि की भी विशेष व्यवस्था की गई है। पसंदीदा भोजन के साथ-साथ संयुक्त भोजन परोसने का भी प्रबंध किया गया है। यहां तक कि रात्रि भोज की दरों में भी विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य पर जिले में पर्यटकों की आमद में भारी वृद्धि हुई है। रेणुकाजी और जमटा के होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। पांवटा साहिब में भी 80 फीसदी के करीब कमरों की बुकिंग हो चुकी है। क्रिसमस से लेकर नववर्ष की पूर्व संध्या तक पर्यटन कारोबार में भारी इजाफा हुआ है।