आज के कार्यक्रम की खबर
शिलाई कॉलेज में एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संपन्न
-शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों में अव्वल कैडेट्स सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। पहली एचपी एनसीसी बटालियन नाहन की ओर से शिलाई कॉलेज में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। दस दिन तक चले इस शिविर में कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में कर्नल जेएस चौहान मौजूद रहे, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर रवि जोशी ने शिरकत की। इस दौरान कॉलेज के प्राध्यापक, पूर्व सैनिक, स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर ड्रिल, फायरिंग, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मैप रीडिंग तथा फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कर्नल जेएस चौहान ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह के प्रशिक्षण शिविर युवाओं को चुनौतियों का सामना करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में प्रशिक्षकों, सहायक एनसीसी अधिकारियों, सिविल स्टाफ और सहयोगी टीम की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य और स्टाफ का शिविर आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही स्थानीय प्रशासन, पूर्व सैनिकों और क्षेत्र के लोगों की ओर से दिए गए सहयोग की भी प्रशंसा की। उन्होंने कैडेट्स को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज व राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। विशेष अतिथि रवि जोशी ने कहा कि एनसीसी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला महत्वपूर्ण संगठन है।
समारोह के अंत में कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन एनसीसी गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। संवाद