नाहन (सिरमौर)। बर्मापापड़ी पंचायत निवासी गौरव गुप्ता पुत्र वीरेंद्र ने गांव के ही लोगों पर मारपीट कर घायल करने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने सोमवार को नाहन आकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत से पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए गौरव गुप्ता ने बताया कि 23 मई की रात 9:45 बजे वह शेर सिंह की दुकान पर सामान लेने गया हुआ था। वहां पर स्थानीय सुखबीर सिंह ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद राय सिंह और दूसरे लोग भी उसे पीटने लगे। वहां मौजूद उपप्रधान राजेंद्र सिंह, राजकुमार, रोहित, सुमित समेत अन्य लोगों ने उसे छुड़वाया और उसकी जान बचाई। पीड़ित ने बताया कि उससे और उसकी पत्नी के साथ आरोपी पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है। पुलिस ने घर आकर उसे समझाया भी था लेकिन वह बाज नहीं आ रहा। पीड़ित ने बताया कि अब फिर उसने उसके साथ मारपीट की है। इस बारे में वह कालाअंब थाने में भी शिकायत दे चुका है, उसका पुलिस ने मेडिकल भी करवाया है। पुलिस अधीक्षक से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।