उम्मीदों की कसौटी पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास होगा : नासिर रावत
जिला सिरमौर को प्रथम बार मिली राज्य वक्फ बोर्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड में जिला सिरमौर के नासिर मोहम्मद रावत को नया अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नजदीकी नासिर रावत को ये नया जिम्मा मिला है। मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों को अब तेजी मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। रविवार को मिश्रवाला में नासिर रावत के घर पर पहुंच कर शुभचिंतकों ने मिठाई बांट कर खुशी जाहिर की है।
बता दें कि 14 दिसंबर 2022 को हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड को भंग कर दिया गया था। तब से ये पद रिक्त चल रहा था। पांवटा उपमंडल की ग्राम पंचायत मिश्रवाला निवासी नासिर मोहम्मद रावत लंबे अर्से से राजनैतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। माजरा सीट से जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 2015 से 2025 तक सचिव, राज्य हज कमेटी सदस्य, राज्य यूथ बोर्ड सदस्य, जिला योजना कमेटी सदस्य समेत जिले में एक सक्रिय सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है।
हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के अंतरिम अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद खास बातचीत में नासिर मोहम्मद रावत ने बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग के हर पात्र-हकदार तक विभिन्न योजनाओं व सुविधाओं को पहुंचाया जाएगा। समुदाय के कमजोर वर्ग के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचने के प्रयास होंगे। वक्फ बोर्ड समाज में पिछड़े ऐसे वर्ग के उत्थान की दिशा व दशा बदलने के लिए कार्य करेंगे। अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए अल्पसंख्यक समुदाय के विकास और उत्थान को हर संभव प्रयास किया जाएगा। उम्मीदों की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के अंतरिम अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार प्रकट करते हैं।
शाहबाज खान, अनुज अग्रवाल, फरीद खान, सुनील शर्मा, मुस्ते हसन, आशिष गर्ग, राजकुमार, अरविंद अग्रवाल व अब्दुल गनी समेत क्षेत्रवासियों ने मिठाई वितरित कर खुशी का इजहार किया है।
संवाद