ओमकारम् और शुभप्रभातम के जाप से हुई दिन की शुरुआत फिर महामंगल आरती
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। श्री सत्य साई बाबा के अवतरण दिवस पर श्री सत्य साई सेवा समिति सिरमौर की ओर से नाहन में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ओमकारम् और शुभप्रभातम के जाप से हुई। इसके बाद साई भक्तों ने शहर में प्रभात फेरी निकालकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद जिला अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान और कन्वीनर अनूप भटनागर के सानिध्य में भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें साई भक्तों ने एक के बाद एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। ''''नारायण.., नारायण.., गिरधारी गोविंदा.., जैसे भजनों से पूजा स्थल गूंज उठा। भजनों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का समापन महामंगल आरती के साथ हुआ। इस दौरान साई भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा का स्मरण किया। अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया।