नगर परिषद नाहन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी को जारी किया नोटिस
मोहल्ला गोबिंदगढ़ पार्क की दशा बिगड़ने के बाद नगर परिषद ने की कार्रवाई
जल्द हालत नहीं सुधारी तो करेंगे कानूनी कार्रवाई
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन अपनी संपत्ति के नुकसान को लेकर हरकत में आई है। नुकसान पर नगर परिषद की ओर से नेशनल हाईवे अथॉरिटी को नोटिस जारी किया गया है। तय समय में यदि नुकसान को सही नहीं किया गया तो नगर परिषद आगामी कार्रवाई करेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद नाहन की ओर से मोहल्ला गोबिंदगढ़ पार्क को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस जारी कर नगर परिषद ने कहा कि यहां हाईवे के मरम्मत कार्य के दौरान संबंधित ठेकेदार की ओर से नगर परिषद के पार्क को काफी नुकसान पहुंचाया गया है। यहां पार्क में न केवल इंटरलॉक टाइलों का ढेर लगाया गया बल्कि साथ ही गेट सहित अन्य चीजों को नुकसान पहुंचाया गया है। इसको लेकर अब नगर परिषद ने नोटिस में तय समय में पार्क की मरम्मत करने को कहा है। हालांकि पार्क को कितनी राशि का नुकसान हुआ है, इसका जिक्र नहीं किया गया है। नगर परिषद की ओर से नोटिस में साफ किया गया है कि जो भी नुकसान हुआ है उसे नेशनल हाईवे अपने स्तर पर ठीक करवाए।
बता दें कि शहर के बीच से होकर गुजरने वाले कुम्माहरहट्टी नाहन नेशनल हाईवे की मोहल्ला गोबिंदगढ़ में पिछले कुछ माह से हालत खराब हुई थी। यहां मौहल्ले के बीच अथॉरिटी की ओर से लगाई गई इंटरलॉक टाइलें धंस गई थीं और बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान वाहन तिरछे हो रहे थे और विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के ऊपरी हिस्से आपस में टकरा रहे थे, जिसके बाद हाल ही में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से एक ठेकेदार के माध्यम से उक्त हाईवे की मरम्मत का कार्य करवाया गया। मरम्मत का कार्य रात के समय किया गया था क्योंकि दिन में यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। ऐसे में यहां रात के समय आनन फानन में काम हुआ। इसके बाद यहां हुए काम पर भी सवाल उठ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पार्क की हालत भी पतली हुई है। यहां मार्ग से निकाली इंटरलॉक टाइलों समेत रेत व अन्य सामान गिरा दिया गया था। पार्क की हालत बिगड़ने के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष पनपा।
-
पार्क की हालत न सुधरी तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
मोहल्ला गोबिंदगढ़ पार्क को नुकसान पहुंचाए जाने के मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में पार्क की हालत सुधारने को कहा गया है, जल्द पार्क की हालत न सुधरी तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जितना भी नुकसान उक्त कार्य के दौरान नगर परिषद की पार्क को हुआ है वह नेशनल हाईवे अपने स्तर पर संबंधित ठेकेदार से मरम्मत करवाए, जिसमें सिमिट्री व गेट सहित अन्य काफी काम है।
-संजय तोमर, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन