नाहन (सिरमौर)। हिमाचल म्यूनिसिपल काउंसिल पेंशनर एवं इंप्लाइज संघ नाहन इकाई की एक अहम बैठक नाहन में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान रोशन लाल ने की। बैठक में महंगाई भत्ता देने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान पेंशनरों ने इस बात पर गहरा रोष प्रकट किया कि नगर परिषद कर्मचारियों को समय-समय पर महंगाई भत्ता दे रही है। जबकि उनको महंगाई भत्ता प्रदान नहीं किया जा रहा।
बैठक में मौजूद प्रधान रोशन लाल, महासचिव जय गोपाल, अशरफ अली, अमरनाथ, रोशन अली, रामपाल, सलीना बेगम और मोहन लाल ने कहा कि सरकार की ओर से 1 जुलाई 2019 को दिए 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते को नप ने कर्मचारियों को अप्रैल 2020 में दे दिया है, जबकि उनको आज तक यह महंगाई भत्ता नहीं दिया है। नगर परिषद उनके और कर्मचारियों के बीच भेदभाव पैदा कर रही है। इस संदर्भ में कई पत्र भी कार्यकारी अधिकारी को दिए जा चुके हैं लेकिन उनकी मांग को अनसुना ही किया जा रहा है। इससे नगर परिषद के सभी पेंशनरों में रोष बना हुआ है।
इस मौके पर पेंशनरों ने 4-9-14 का लाभ और एरियर न मिलने पर भी गहरी नाराजगी जताई। पेंशनरों ने कहा कि इस राशि का भुगतान भी कर्मचारियों को 2018 में ही किया जा चुका है, जबकि पेंशनरों को आज तक इन लाभों से वंचित रखा गया है। बैठक में मौजूद पेंशनरों ने एक बार फिर नगर परिषद से मांग की कि उनको 4-9-14 का लाभ अविलंब प्रदान किया जाए।