तीन वर्षों के बाद भी मंच, ड्रेसिंग रूम और सौंदर्यीकरण कार्य नहीं हुआ पूरा
पहले पेड़ कटान मंजूरी, बिजली लाइन की दिक्कतें और अब हो चुका समाधान
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहरी क्षेत्र के एकमात्र पांवटा साहिब खेल मैदान के किनारे प्रस्तावित मंच शेड और ड्रेसिंग रूम बनाने की योजना अधर में लटकी है। तीन वर्ष पहले प्रथम चरण में करीब बीस लाख रुपये के बजट से कार्य शुरू हुआ था। योजना स्थल पर पेड़ होने के चलते कार्य कई माह से लटका था। फिर बिजली लाइन वायर समीप होने से दिक्कतें आईं। अब दोनों समस्याओं का समाधान भी हो चुका है। फिर भी इस योजना का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
बता दें कि एक दशक पहले नगर परिषद खेल मैदान में लाखों रुपये का बजट खर्च कर रोशनी के लिए चार बड़ी फ्लड लाइटें और विशेष घास भी लगाई गई थी। कुछ वर्षों तक तो खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सकी, फिर धीरे-धीरे खेल मैदान में पार्किंग होने से दशा फिर बिगड़ने लगी।
एकमात्र खेल मैदान में हर वर्ष उत्तर भारतीय स्तरीय वीर शिवाजी क्रिकेट ट्रॉफी, जिला स्तरीय टी-20 प्रतियोगिता, हॉकी, फुटबाल और एथलेटिक्स आदि प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहती हैं। राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव और होली मेला पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन समेत राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। इसलिए खेल मैदान की हालात सुधारने, दर्शकों को बैठने की सुविधा, खिलाड़ियों की सुविधा के लिए बेहतर मंच के निर्माण, दो सज्जा कक्ष और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की मांग पर नगर परिषद ने योजना तैयार करवाई।
योजना का तीन वर्ष पहले काम शुरू हुआ। इसमें पहले पेड़ काटने की अनुमति को कई माह का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद बिजली आपूर्ति लाइन समीप होने पर दिक्कतें आईं। एक वर्ष पहले इस समस्या का भी समाधान कर दिया गया। उसके बावजूद नगर परिषद की प्रस्तावित योजना का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे स्थानीय खेल प्रेमियों व खिलाड़ियों में नाराजगी व्याप्त है। मंच निर्माण का शेष कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई है।
नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर ने बताया कि प्रथम चरण के योजना कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश ठेकेदार को जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद अगले चरण में खेल मैदान में दर्शकों को बैठने की व्यवस्था, बेंच समेत अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।
संवाद