भाजपा युवा मोर्चा के जिला सिरमौर अध्यक्ष अरुण चौहान नाहन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए।
जलशक्ति विभाग की मल्टी टास्क भर्ती में भाई-भतीजावाद के आरोप, जांच मांगी
-कहा 800 युवाओं से किया आवेदन बुलाया सिर्फ 120 को, करवा चौथ पर छुट्टी के बावजूद भर्ती प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भाजपा युवा मोर्चा के जिला सिरमौर अध्यक्ष अरुण चौहान ने शिलाई जलशक्ति विभाग की मल्टी टास्क भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। नाहन में पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के इशारे पर भर्ती में चहेतों को लाभ पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि करीब 800 आवेदकों में से केवल 120 को बुलाया गया। अधिकांश को कॉल लेटर नहीं भेजे गए, जबकि कुछ को फोन कर बुलाया गया। चयनित 30 से 40 अभ्यर्थियों के एक ही शिक्षण संस्थान से होने और 90 से 92 प्रतिशत अंक होने की भी जांच मांगी। उन्होंने करवा चौथ के सरकारी अवकाश के दिन भर्ती प्रक्रिया आयोजित करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब बुलाने ही 120 युवा थे तो अन्यों से आवेदन लेकर उनका समय और धन क्यों बर्बाद किया। इसको लेकर पहले कोई नोटिफिकेशन भी जारी नहीं की गई।
अरुण चौहान ने शिलाई में मंत्री के इशारे पर अवैध खनन होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई मांगी। उन्होंने पांच साल पहले शिलाई बीडीओ कार्यालय से उठाई गई फाइलों पर चार साल की कांग्रेस सरकार में हुई कार्रवाई का जवाब भी मांगा। साथ ही रिक्त सरकारी पदों और पांच लाख युवाओं को रोजगार देने के वादे पर सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि एक साल बाद प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिला प्रवक्ता अरविंद शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विपिन सिंह और युवा मोर्चा सदस्य बंटी ठाकुर मौजूद रहे।