छात्रों और शिक्षकों के लिए शोध एवं नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराना उद्देश्य
एआई और आईपीआर विषयों पर होंगे जागरूकता सत्र, कार्यशालाएं और सेमिनार
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। महाविद्यालय राजगढ़ और शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन के बीच एक महत्वपूर्ण अकादमिक सत्र का आयोजन किया। इस अवसर पर दोनों शिक्षण संस्थानों के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों के लिए शैक्षणिक, शोध एवं नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके खोसला और प्रो. जेएम जुल्का, डॉ. नरिंद्र वर्मा, चंद्रमोहन शर्मा और नमन शर्मा आदि उपस्थित रहे। वहीं राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ की ओर से प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा, शोध एवं नवाचार सेल के समन्वयक डॉ. शिव भारद्वाज और सदस्य डॉ. पंकज शर्मा की उपस्थिति रही। सभी के समक्ष एमओयू पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच छात्रों के कल्याण, विभिन्न विषयों में व्यावहारिक अनुभव, शोध के अवसर और उच्च शिक्षा के लिए सहयोग पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ सहयोग को लेकर विशेष उत्साह व्यक्त किया।
एमओयू के अंतर्गत आगामी वर्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स (आईपीआर) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर राजगढ़ महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए शूलिनी विश्वद्यालय के पुस्तकालय योगानंदा में अत्याधुनिक इंस्ट्रक्शनल लर्निंग सुविधाओं का उपयोग प्रदान किया जाएगा और शूलिनी विश्वविद्यालय द्वारा महाविद्यालय राजगढ़ को लाइब्रेरी के ऑफलाइन उपयोग के लिए दस अतिथि आई-कार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के छात्रों के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप के अवसर खोले जाएंगे और ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रमों के माध्यम से उच्च शिक्षा के मार्ग को सशक्त किया जाएगा। दोनों संस्थानों के बीच सहयोगी शोध कार्य को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें राजकीय महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों को सह-गाइड के रूप में कार्य करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा सम्मेलनों, कार्यशालाओं और सेमिनारों के आयोजन में आपसी सहयोग किया जाएगा।
संवाद