केवीके सिरमौर धौलाकुआं में पौधरोपण के बाद विधायक अजय सोलंकी और अन्य लोग। स्रोत : केंद्र
-किसानों के लिए किए जा रहे प्रशिक्षण और प्रसार कार्यों की ली जानकारी
-आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/धौलाकुआं (सिरमौर)। नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर धौलाकुआं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न गतिविधियों और किसानों के हित में किए जा रहे प्रसार एवं प्रशिक्षण कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में चंदन का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने परिसर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी सराहा।
विधायक ने कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से जिले के किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक सलाह और नवीन कृषि पद्धतियों को पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किसानों को समय-समय पर नई तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारी से अवगत करवाना जरूरी है। उन्होंने किसानों के हित में ऐसी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने पर जोर दिया।
विधायक ने इस दौरान क्षेत्र के लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही निवारण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर की ओर से विधायक अजय सोलंकी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के प्रभारी एवं पर्वतीय कृषि अनुसंधान एवं प्रसार केंद्र धौलाकुआं के सह-निदेशक डॉ. पंकज मित्तल आदि मौजूद रहे।