हिमाचल ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के संयोजक बनाए गए उद्यमी। स्रोत : ऐसोसिएशन
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल ड्रग्स मैन्युफेक्चरिंग एसोसिएशन (एचडीएमए) ने संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीन नए संयोजकों की घोषणा की है। इनमें कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के युवा दवा उद्यमी अमन सिंगला, अभिनव गर्ग और बद्दी के श्रेय अग्रवाल शामिल हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा के पंचकुला में एचडीएमए की ओर से यूथ ब्रिगेड (नेक्स्टजेन) स्थापना समारोह का आयोजन किया गया।
इस पहल का उद्देश्य संगठन की बागडोर आने वाले समय में युवा पीढ़ी को सौंपना है। कार्यक्रम में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 99 युवा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल किया गया, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई। एचडीएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि संगठन में युवाओं को जोड़कर इसे और सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में दवा उद्योग को नई दिशा मिल सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा और उद्योग जगत के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा नेतृत्व के जरिए दवा उद्योग को नई सोच, ऊर्जा और बेहतर दिशा मिलेगी। संवाद