संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के चौगान मैदान में आयोजित किए जा रहे मेलों के आयोजन पर कांग्रेस नेत्री कुंजना सिंह ने सवाल उठाए हैं। नाहन में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कुंजना सिंह ने कहा कि चौगान मैदान में एक के बाद एक मेलों का आयोजन हो रहा है। इसका कोई लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। मेलों में ध्वनि प्रदूषण का भी कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वीरवार भी रात नौ बजे भारी शोर रहा। उन्होंने इस बारे में एसडीएम नाहन से बात की तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया कि मेले के आयोजन को लेकर उनसे कोई अनुमति ही नहीं ली गई है। कुंजना सिंह ने कहा कि इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि जब उन्होंने ध्वनि प्रदूषण को लेकर एसडीएम से कार्रवाई करने को कहा तो उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर उनकी बात नहीं मानने की बात कही।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि ये दो हैरान करने वाली बातें हैं। कैसे मुख्यालय नाहन में बिना अनुमति के मेले का आयोजन किया जा रहा है, दूसरा एसडीएम की बात को पुलिस कर्मचारी नहीं मान रहे हैं। कुंजना सिंह ने कहा कि इस बारे में वह पुलिस के आला अधिकारियों और डीसी सिरमौर से भी बात कर चुकी हैं। कुंजना सिंह कहा कि चौगान मैदान में लगाए जा रहे मेलों पर प्रशासन अपने नजर रखे और ध्वनि प्रदूषण पर बने नियमों को पूरी तरह लागू करवाए।
उधर, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि उनका काम केवल अनुमति देना है। ध्वनि के लिए पुलिस से रिपोर्ट आती है, इसके आधार पर अनुमति दी जाती है। इस सबको रेगुलेट करवाना पुलिस का काम है। उन्होंने कहा कि मेले को लेकर किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी।............