नाहन (सिरमौर)। दवाओं की अवैध और अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री के विरोध में 20 मई को देशभर के केमिस्ट और ड्रगिस्ट हड़ताल पर रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर आयोजित होने वाली इस एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल को हिमाचल प्रदेश राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
इस दौरान सिरमौर जिले सहित प्रदेशभर के सभी दवा संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे। केमिस्ट एसोसिएशन ने केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन गंभीर मुद्दों को उठाया है। इसमें बिना किसी ठोस नियम के ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री पर तुरंत रोक लगाने, बिना वैध डॉक्टर की पर्ची के घर-द्वार दवाओं की डिलीवरी से स्वास्थ्य जोखिम बढ़ाने और ऑनलाइन पोर्टल्स द्वारा दी जा रही अनुचित छूट के कारण छोटे और लाइसेंसधारी केमिस्टों के अस्तित्व को खतरे में बताया गया है।
विज्ञापन
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुधीर भटनागर और सचिव संजय मेहता ने बताया कि दवाएं कोई सामान्य उपभोग की वस्तु नहीं हैं। उचित सत्यापन के बिना इनकी ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जीएसआर 817 (ई) और जीएसआर220(ई) जैसे नियमों को वापस नहीं लिया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हड़ताल के दौरान मानवीय दायित्व को समझते हुए एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।