सांस, सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा
ओपीडी में देर शाम तक सेवाएं देने को चिकित्सक मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मेडिकल कॉलेज नाहन समेत जिले के अन्य अस्पतालों में इन दिनों ऐसे मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते चिकित्सकों को देर शाम तक ओपीडी में सेवाएं देनी पड़ रही हैं।
बीते एक सप्ताह से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सुबह और शाम ठंड पड़ रही है, जबकि दिन में धूप खिल रही है। तापमान में इस बदलाव के बीच वायरल संक्रमण और मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। मेडिकल कॉलेज नाहन में मेडिसिन ओपीडी में रोजाना 200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की संख्या को देखते हुए औषधि विभाग की ओपीडी में चिकित्सक देर शाम तक सेवाएं दे रहे हैं।
नेत्र ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। यहां रोजाना 80 से 100 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें आंखों में खुजली, धुंधलापन और सिरदर्द की शिकायत वाले मरीज अधिक हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर मौसम के बदलाव का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। बाल ओपीडी में भी मरीजों की संख्या 100 से अधिक चल रही है। बाल वार्डों में भी मरीज भर्ती हैं। बुजुर्ग सांस संबंधी दिक्कतों के कारण अस्पताल पहुंच रहे हैं, जबकि बच्चों में खांसी, छाती में जकड़न, बुखार और संक्रमण की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के चिकित्सक डॉ. राघव ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान संक्रमण और एलर्जी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को उबला हुआ पानी पीने, पौष्टिक भोजन लेने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही फल और सब्जियों का सेवन बढ़ाने तथा विटामिन डी युक्त आहार लेने को कहा।
वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इन दिनों मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मेडिसिन ओपीडी में भी मरीज बढ़े हैं। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है, जबकि अन्य मरीजों को उपचार के बाद जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।