नाहन (सिरमौर)। देहरादून पांवटा से कालाअंब एनएच मार्ग-7 पर छोटी कल्वर्ट(पुलिया) को चौड़ा किया जा रहा है। इन पर प्राधिकरण 5 करोड़ से अधिक बजट खर्च करने जा रही है। चार-पांच दशक पहले बनी छोटी पुलिया हादसों का सबब बनती जा रही थी। एनएच चौड़ीकरण के बाद मार्ग पर कई छोटी पुलिया रह गई थी जो तेज रफ्तार वाहनों के लिए रात्रि के समय जानलेवा साबित होती जा रही थी। इस वर्ष अक्तूबर 2016 तक डेढ़ दर्जन पुलियाओं को एनएच मानकों के अनुरूप तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बताते चलें कि ‘अमर उजाला’ ने कई बार जानलेवा साबित होती जा रही एनएच की छोटी पुलिया का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद स्थानीय एनएच अधिकारियों ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया। कल्वर्ट को चौड़ा करने के लिए योजना मंजूरी को भेजी गई। मंजूरी मिलने के बाद पुलिया को चौड़ी करने की योजना कार्य प्रगति पर है।
विज्ञापन
दशकों पहले दर्जनों पुलिया 6 से 7 मीटर चौड़ी बनाई गई थी। करीब 13 वर्ष पहले एनएच मार्ग बनने पर देहरादून से पांवटा कालाअंब मार्ग चौड़ा कर दिया गया लेकिन पुरानी बनी कल्वर्ट को चौड़ा नहीं किया जा सका। इसके चलते बरसात के मौसम व रात्रि के समय कई स्थलों पर हादसों का ग्राफ बढ़ने लगा था। पांवटा से कालाअंब तक प्राधिकरण ने एनएच-7 सड़क को 10 से 12 मीटर चौड़ा कर दिया। अब एनएच के ढ़िमकी से बोहलियों तक के 67 से 73 किलोमीटर के बीच 17 पुलियों को चौड़ा करवाया जा रहा है। इन दिनों इन कल्वर्ट को चौड़ा करने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
उधर, एनएच के सहायक अभियंता वीके अग्रवाल ने पुष्टि की है। एसडीओ ने कहा कि डेढ़ दर्जन कल्वर्ट(पुलिया) को चौड़ा करने पर 5 करोड़ बजट खर्च होगा। एनएच पर ढ़िमकी से बोहलियों तक पुलियाओं को 10 से 12 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। अक्तूबर 2016 तक योजना कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।