पहले 45 दिन का करना पड़ता था इंतजार, करीब पांच माह बाद फिर बदला बुकिंग का नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलिंडर का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब ग्रामीण उपभोक्ता पिछली गैस आपूर्ति के 25 दिन बाद ही अगली गैस की बुकिंग करवा सकेंगे। पहले ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए गैस बुकिंग की अवधि 45 दिन निर्धारित थी। बुकिंग की अवधि कम होने से कालाअंब और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार सरकार ने घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर निर्धारित अवधि में बदलाव किया है। इसके तहत ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की अवधि को घटाकर फिर से 25 दिन कर दिया गया है। इससे पहले खाड़ी युद्ध के दौरान आपूर्ति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की बुकिंग अवधि 25 दिन से बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई थी। इसके चलते उपभोक्ताओं को अगला सिलिंडर बुक करवाने के लिए करीब डेढ़ माह का इंतजार करना पड़ रहा था।
45 दिन की अवधि से उपभोक्ताओं को हो रही थी परेशानी
ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार खाना पकाने के लिए घरेलू गैस सिलिंडर पर ही निर्भर हैं। ऐसे में सिलिंडर समाप्त होने के बाद दोबारा बुकिंग के लिए 45 दिन की निर्धारित अवधि उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रही थी। विशेषकर अधिक गैस खपत वाले परिवारों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब 25 दिन बाद बुकिंग की सुविधा मिलने से उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
करीब पांच माह बाद फिर लागू हुआ पुराना प्रावधान
करीब पांच माह तक ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की बुकिंग अवधि लागू रहने के बाद अब व्यवस्था में दोबारा बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने के बाद अगली गैस की बुकिंग करा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
कालाअंब स्थित गैस वितरक इकबाल चौधरी ने बताया कि गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता पिछली आपूर्ति के 25 दिन बाद अगली गैस की बुकिंग करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से कालाअंब सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी।-