क्षेत्र की चार पंचायतों के उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही घरेलू गैस, लोगों की बढ़ी परेशानी
-ग्रामीणों ने पहले गांव में एकत्रित होकर जताया विरोध, नाहन में उपायुक्त को शिकायत सौंप उठाई कार्रवाई की मांग
-पूर्व की तरह निजी वाहनों से गांवों में आपूर्ति करवाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। धारटीधार क्षेत्र की चार पंचायतों में नियमित रूप से गैस सिलिंडर आपूर्ति न होने से लोगों में काफी रोष है। जब आपूर्ति नहीं हुई तो लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को एजेंसी में सिलिंडर आपूर्ति न होने के बाद उपायुक्त सिरमौर को शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि लोगों को सिलिंडर लेने के लिए 10 किलोमीटर दूर गैस एजेंसी ददाहू जाना पड़ रहा है और यहां से भी कई मर्तबा सिलिंडर उपलब्ध न होने पर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
गैस आपूर्ति की समस्या को लेकर धारटी विकास संगठन के प्रधान तोगीराम शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को ग्रामीण उपायुक्त सिरमौर से मिले। इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत में पूर्व की तरह नियमित गैस सिलिंडर आपूर्ति सुचारू करवाने का आग्रह किया। तोगी राम शर्मा ने बताया कि ददाहू स्थित एलपीजी गैस एजेंसी, रेणुकाजी की ओर से निजी वाहनों के माध्यम से धारटीधार क्षेत्र की खालाक्यार, कटवाड़ी बागड़त, भनेत हल्द्वाड़ी और छछेती सहित दर्जनों गांवों में घर-घर गैस सिलिंडर पहुंचाए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों से यह सेवा अचानक बंद कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को सिलिंडर लेने के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर ददाहू जाना पड़ रहा है। कई बार एजेंसी पर गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सोमवार को जब ग्रामीण एजेंसी पहुंचे तो उन्हें सिलिंडर नहीं मिलने से बैरंग लौटना पड़ा। इससे उन्हें पेरशानी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गेहूं की फसल की कटाई का कार्य चल रहा है। दिन में भीषण गर्मी में ग्रामीण गेहूं की कटाई करते हैं और जब दोपहर व शाम को खाना बनाते हैं तो गैस न होने के चलते उन्हें लकड़ी के चूल्हे पर तपना पड़ रहा है।
संगठन पदाधिकारी और ग्रामीणों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए। ददाहू गैस एजेंसी को पहले की तरह नियमित गैस वितरण के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
उधर, शहीद कुलविंद्र सिंह गैस एजेंसी ददाहू के प्रबंधक रामरत्तन ठाकुर ने बताया कि एजेंसी को गैस की आपूर्ति कम हो रही है। ऐसे में कई मर्तबा लोगों को सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि लोगों को रोजाना सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफार्म के माध्यम से गैस की स्थिति व गाड़ी की उपलब्धता की जानकारी मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कनेक्शन की ई-केवाई अवश्य करवाएं। संवाद