-सुबह 11 बजे से रात तक खाली सिलेंडर लेकर बैठे रहे ग्रामीण
गैस एजेंसी संचालक ने मौसम, नेटवर्क और कम सप्लाई को बताया वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नैना टिक्कर, साधना घाट, प्रेम नगर और गद्शाया सहित आसपास के क्षेत्रों में एलपीजी गैस गैस सिलिंडर वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सराहां गैस एजेंसी के अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई बार देर रात तक गैस सिलिंडर मिलने से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गत मंगलवार को सराहां गैस एजेंसी ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना दी थी कि गैस वाहन निर्धारित दिन नैना टिक्कर क्षेत्र में पहुंचेगा। सूचना मिलने पर सुबह करीब 11 बजे से ही नैना टिक्कर, साधना घाट, प्रेम नगर और गद्शाया के उपभोक्ता अपने खाली सिलेंडर लेकर निर्धारित स्थानों पर पहुंच गए। हालांकि रात 10 बजे तक गैस वाहन नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। रात करीब 10:30 बजे गैस वाहन नैना टिक्कर मुख्य बाजार पहुंचा, जहां उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक से देरी को लेकर सवाल किए। इसके बाद गैस सिलिंडरों का वितरण रात करीब एक बजे तक चलता रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में कच्चे रास्तों से होकर देर रात घर लौटना जोखिम भरा रहा। कई लोग छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ घंटों इंतजार करते रहे, जबकि कुछ उपभोक्ता शाम सात-आठ बजे तक इंतजार करने के बाद बिना गैस सिलिंडर लिए ही वापस लौट गए। उनका कहना है कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में गैस गैस सिलिंडर देर रात ही वितरित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र के उपभोक्ता हेमंत कुमार, राकेश शर्मा, रमेश कुमार, राजेंद्र सिंह, कमल शर्मा, दलीप सिंह, राजकुमार, प्रेम सिंह और मनोज कुमार ने प्रशासन, सराहां गैस एजेंसी और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नैना टिक्कर क्षेत्र के लिए गैस वितरण की तिथि और समय पहले से तय किया जाए। दिन के समय ही नैना टिक्कर, साधना घाट, गद्शाया और प्रेम नगर में गैस सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने कहा कि गैस एजेंसी की इस प्रकार की व्यवस्था स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि इस विषय को उपायुक्त सिरमौर और एसडीएम पच्छाद के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द समाधान हो सके।
उधर, सराहां इंडेन ग्रामीण वितरण की संचालक अभिलाषा शर्मा ने बताया कि गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम, नेटवर्क बाधित होने और पीछे से गैस की कम सप्लाई मिलने के कारण वितरण में देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग थी, उन्हें गैस गैस सिलिंडर वितरित कर दिए गए हैं।-