10 अगस्त को जेल भरों आंदोलन का ऐलान, बोले, ट्रेड डील से किसान हो जाएगा बर्बाद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन के ऐतिहासिक शहीद चौक पर बुधवार दोपहर को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने पुलिस को पूरी तरह छकाते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंक दिया। सीपीआईएम के जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के खिलाफ जमकर गुबार निकाला और जनविरोधी नीतियों के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन के लिए दोपहर 12:30 बजे महिमा पुस्तकालय के समीप का समय तय किया था। रणनीति के तहत जैसे ही जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ता एकत्र हुए, उन्होंने बिना वक्त गंवाए शहीद चौक पर पुतलों को आग के हवाले कर दिया। मौके पर तैनात पुलिस बल जब तक कुछ समझ पाता और पुतला छीनने के लिए दौड़ता, तब तक पुतले धू-धू कर जल उठे थे। बाद में पुलिसकर्मी जलते पुतलों की आग बुझाते नजर आए, लेकिन तब तक सीपीआईएम अपना विरोध दर्ज करवा चुकी थी।
-बॉक्स
ट्रेड डील से तबाह होगी देश की खेती और डेयरी उद्योग : राजेंद्र ठाकुर
पुतला दहन के बाद जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और ट्रंप की जोड़ी फासीवादी और तानाशाह रवैये से देश की जनता पर जनविरोधी नीतियां थोप रही है। ट्रेड डील बिल का पुरजोर विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड, अमेरिका और यूरोपीय देशों के साथ जो व्यापार समझौते किए जा रहे हैं, वे देश के किसानों और बागवानों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस डील के तहत विदेशी कृषि उत्पाद, डेयरी प्रोडक्ट और विदेशी सेब बिना किसी कस्टम ड्यूटी (शुल्क) के भारतीय बाजारों में डंप किए जाएंगे। इससे देश का स्थानीय किसान और हिमाचल का बागवान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। हमारे दूध और सेब उत्पादकों को कौड़ियों के भाव अपनी उपज बेचनी पड़ेगी।
राजेंद्र ठाकुर ने कल शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक डंडे बरसाने की घटना की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि हक मांग रहे बेरोजगार युवाओं पर लाठियां भांजना इस सरकार की तानाशाही को बयां करता है। दमन की इस नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की इन दमनकारी और किसान-युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ सीपीआईएम ने अब आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है, जिसके तहत 10 अगस्त को देशव्यापी जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर सीपीआईएम के जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर, जिला सचिवालय सदस्य आशीष कुमार, सतपाल मान, जिला कमेटी सदस्य जगदीश पुंडीर, वंश गौतम, राजेंद्र, धनीराम, आशा, सेवती कंवल, मायामान, मुकेश रमौल, संदीप, ओम पराशर, नितेश समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नाहन शहीद स्मारक चौक मोदी व ट्रंप के पुतले में लगी आग बुझाने का प्रयास करते पुलिस कर्मचारी। संव