थान देवता मेला हलोनीपुल के आयोजन को लेकर बुलाई बैठक के बाद समिति के सदस्य। संवाद
-एक से तीन अक्तूबर तक चलेगा मेला, अंतिम दिन होगा विशाल दंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। थान देवता मेला हलोनीपुल इस वर्ष तीन दिनों तक आयोजित होगा। मेले के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता और विशाल दंगल मुख्य आकर्षण रहेंगे। मेला समिति ने आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मेला समिति के सदस्य एवं पूर्व प्रधान सोमदत्त ठाकुर ने बताया कि मेला एक से तीन अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले का शुभारंभ थान देवता मंदिर में देवता की पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ होगा। पहले दो दिन कबड्डी प्रतियोगिता के मुकाबले होंगे, जबकि तीन अक्तूबर को फाइनल मुकाबले के बाद दोपहर में विशाल दंगल आयोजित किया जाएगा।
दंगल में हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। दंगल की माली 51 हजार रुपये रखी गई है। कबड्डी प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क एक हजार रुपये होगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता को 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा बेस्ट प्लेयर, बेस्ट डिफेंडर और बेस्ट रेडर को भी सम्मानित किया जाएगा।