सरक-सरक कर चले वाहन, जीरो विजिलिटी ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
कामगारों, स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वालों को झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इस वर्ष सर्दी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में घने कोहरे ने दस्तक दे दी है, जिससे तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को दिन का तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि सुबह और देर शाम को ठंड का असर और अधिक महसूस किया गया।
सुबह के समय कोहरा इतना घना रहा कि दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे खासकर औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, वहीं कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। कामगारों, स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी ठंड और कोहरे के चलते दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
स्थानीय लोगों में महेश, विनय, गौरव, विमल, मनोज और गगन ने बताया कि इस बार कोहरा करीब 10 दिन पहले ही पड़ना शुरू हो गया है, जबकि आमतौर पर कालाअंब क्षेत्र में 25 दिसंबर के बाद ही कोहरा पड़ता था। समय से पहले कोहरे ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में कोहरे के चलते दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से वाहन चालकों को सावधानी बरतने, फॉग लाइट का उपयोग करने और कम गति में वाहन चलाने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ उद्योगों और परिवहन व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
लघु उद्योग भारती फार्मा विंग के अध्यक्ष संजय सिंगला ने बताया कि साथ लगते हरियाणा क्षेत्र में भी घना कोहरा पड़ना शुरू हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में माल वाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
संवाद
कालआंब क्षेत्र में कोहरा छाने से सुबह के समय छाया अंधेरा। संवाद