- किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान बताए
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। इटरनल विश्वविद्यालय बडू साहिब के अकाल कृषि महाविद्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय किसान मेले का सोमवार को समापन हो गया। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन शोध और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
कुलपति डॉक्टर नीलम कौर ने बताया कि मेले में महाविद्यालय विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों की ओर से अपने शोध कार्यों, उपलब्धियों और विकसित उत्पादों की प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई।
विज्ञापन
इसके माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान उपलब्ध करवाए गए और समाधान-उन्मुख तकनीकों को सीधे खेतों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में किसानों के लिए विशेष प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी समस्याओं को विशेषज्ञों के सामने रखा।
इसके अतिरिक्त किसानों के उत्पादों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। संवाद