नाहन(सिरमौर)। दिव्यांग बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य विशेष बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करना और खेल भावना के जरिए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। कार्यक्रम कोच किरण तोमर की देखरेख में हुआ। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। नन्हे खिलाड़ियों ने क्रिकेट, दौड़, बैडमिंटन और वॉलीबाल जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी क्षमता का परिचय दिया।
कोच किरण तोमर ने बताया कि खेल न केवल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह उनके मानसिक विकास और एकाग्रता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।