-अब किसान आईडी से ऑनलाइन बुक हो रही खाद, पोस मशीन से होगी बिक्री
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सराहां (सिरमौर)। नई उर्वरक नीति के तहत किसानों के लिए खाद खरीद की प्रक्रिया अब ऑनलाइन और अधिक व्यवस्थित हो गई है। एक सितंबर 2026 से किसानों के लिए किसान आईडी बनाना तथा एफएफएस पोर्टल के माध्यम से खाद की ऑनलाइन बुकिंग कर पोस मशीन पर क्यूआर कोड स्कैन करवाकर खाद खरीदने की व्यवस्था लागू की गई है। हालांकि नई नीति लागू हो जाने से जिला के अधिकतर क्षेत्रों में खाद की बिक्री करीब 15 दिनों से रुकी है।
ऐसे में जिला के किसानों को खाद लेने के लिए समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। वहीं, राहत की बात है कि इसी प्रक्रिया के तहत सोमवार को हिमफेड स्टोर सराहां में किसान की आईडी का इस्तेमाल कर एफएफएस एप पर क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से एनपीके 12:32:16 खाद की बिक्री शुरू हो गई है। पोस मशीन पर प्रक्रिया पूरी करने के बाद किसान से ओटीपी लेकर अंतिम बिलिंग की गई।
नई व्यवस्था के तहत किसानों को पहले अपनी जमीन का विवरण एग्रीस्टैक पोर्टल की किसान रजिस्ट्री में दर्ज करवाना होगा। इसमें गांव, खसरा नंबर और भूमि से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। किसान आईडी बनने के बाद किसान एफएफएस एप पर अपनी फसल की जानकारी देकर खाद की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसके बाद पोस मशीन पर क्यूआर कोड स्कैन करवाकर खाद प्राप्त की जा सकेगी।
सराहां हिमफेड स्टोर की प्रभारी भारती ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत खाद की बिक्री यहां शुरू हो गई है।
उधर, हिमफेड के एरिया मैनेजर मदन सिंह ठाकुर ने बताया कि किसान आईडी के माध्यम से खाद की बिक्री की प्रक्रिया पूरी तरह दर्ज होगी और किसान ऑनलाइन बुकिंग के बाद पोस मशीन के जरिए आसानी से खाद खरीद सकेंगे। उन्होंने किसानों ने आईडी बनाने की अपील की है ताकि किसानों को समस्या पेश न आए।
सराहां में किसान आईडी पर गोदाम से खाद मिलने के बाद ले जाते किसान। स्रोत विभाग