उद्योगपतियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
बदहाल सड़क पर वाहन चलाना हो रहा था जोखिमभरा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लंबे समय से बदहाल पड़ी कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क के सुधारीकरण कार्य को आखिरकार गति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में सड़क की मरम्मत का कार्य जारी है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण अब तक स्थानीय लोगों, कामगारों और औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
सड़क के सुधरने से राहगीरों के साथ-साथ उद्योगपतियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक बरसात के दिनों में सड़क पर गड्ढे और जलभराव से हालात बदतर हो गए थे। वाहन चालकों को सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा था और हादसों का भय बना हुआ था। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों को रोजाना धूल-मिट्टी और झटकों से गुजरना पड़ रहा था। उद्यमियों ने भी इस समस्या को लेकर सरकार और विभाग के समक्ष उठाया था।
लघु उद्योग भारती (फार्मा विंग) के अध्यक्ष संजय सिंगला, मनोज गर्ग, एनके धूत, रमेश गोयल, रजनीश खरबंदा ने विभाग का आभार जताते हुए बताया कि सड़क का यह सुधारीकरण न केवल औद्योगिक गतिविधियों को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी अहम योगदान देगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि त्रिलोकपुर सड़क का सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कालाअंब से त्रिलोकपुर तक 6 किलोमीटर तक सड़क की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। अभी तक 50 फीसदी मरम्मत कार्य किया जा चुका है।
संवाद