एनएच-07 के ज्यादा क्षतिग्रस्त हिस्सों में दोबारा होगी टारिंग, फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी पकड़ रही रफ्तार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। बरसात के दौरान बदहाल हुई कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 की सूरत अब बदलने लगी है। लंबे समय से गड्ढों और उखड़ी टारिंग के कारण परेशानी झेल रहे वाहन चालकों को राहत देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क की मरम्मत का काम तेज कर दिया है। इसके तहत दोसड़का से कालाअंब तक करीब 15 किलोमीटर सड़क पर पक्के पैच लगाए जा रहे हैं। वहीं, जिन हिस्सों में सड़क अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां दोबारा टारिंग करवाई जा रही है।
दरअसल, इस बार बरसात में लगातार हुई बारिश ने एनएच-07 की हालत बिगाड़ दी थी। कई स्थानों पर सड़क की टारिंग उखड़ने के साथ गहरे गड्ढे बन गए थे। इससे न केवल वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही थीं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं था। रोजाना इसी सड़क से गुजरने वाले कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
सड़क की खस्ताहालत को लेकर स्थानीय लोग और वाहन चालक लगातार मरम्मत की मांग उठा रहे थे। अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनएचएआई ने धरातल पर काम शुरू कर दिया है। मरम्मत के दौरान सड़क के सामान्य रूप से खराब हिस्सों में पक्के पैच लगाए जा रहे हैं, जबकि अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर पुरानी उखड़ी टारिंग को दुरुस्त कर दोबारा टारिंग की जा रही है। इससे मार्ग पर सफर पहले के मुकाबले सुरक्षित और आरामदायक होने की उम्मीद है।
एनएचएआई के परियोजना अधिकारी आनंद दहिया ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-07 की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। बरसात के दौरान सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। ऐसे हिस्सों को चिह्नित कर आवश्यक मरम्मत करवाई जा रही है, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।
-
फोरलेन बनने से स्थायी राहत की उम्मीद
कालाअंब-पांवटा साहिब एनएच-07 को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही है। फोरलेन परियोजना सिरे चढ़ने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और पांवटा साहिब के बीच आवाजाही भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है। फिलहाल एनएचएआई की ओर से शुरू की गई मरम्मत से वाहन चालकों को तत्काल राहत मिलने की आस बंधी है।