-शिलाई मंडल के अधीन 15 किलोमीटर हिस्से पर होगा काम, विभागीय अधिकारियों ने किया सड़क का निरीक्षण
सुंदर चौहान
कफोटा (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले से पहले सतौन-रेणुकाजी सड़क की हालत सुधरने जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले हिस्से की टारिंग के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। विभाग ने काम शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शिलाई मंडल के अधिशासी अभियंता योगेश शर्मा ने अपनी टीम के साथ सड़क का निरीक्षण किया और कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
करीब 30 किलोमीटर लंबी इस सड़क का आधा हिस्सा शिलाई और आधा रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में पहले ही टारिंग हो चुकी है, जबकि शिलाई क्षेत्र में सड़क की टारिंग पूरी तरह उखड़ चुकी है। इसके चलते सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।
यह सड़क आसपास की आधा दर्जन पंचायतों को जोड़ती है और क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। ऐसे में लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग उठ रही थी। अब 90 लाख रुपये की राशि स्वीकृत होने से करीब 15 किलोमीटर हिस्से की हालत सुधरने की उम्मीद जगी है।
खास बात यह है कि इसी माह अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का आयोजन होना है। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए विभाग का लक्ष्य मेले से पहले टारिंग का काम पूरा करना है। इससे मेले के दौरान इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
हालांकि, भविष्य में रेणुकाजी बांध परियोजना के निर्माण के लिए इसी सड़क का दोबारा चौड़ीकरण किया जाना प्रस्तावित है। बांध परियोजना से संबंधित भारी मशीनरी और अन्य उपकरणों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होनी है। फिलहाल मेले से पहले सड़क की टारिंग होने से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। शिलाई के अधिशासी अभियंता योगेश शर्मा ने बताया कि सड़क की टारिंग के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। कार्य शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही टारिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।-
संवाद