सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली द्राबली पंचायत के एक दर्जन गांव के लोगों को बिना फिल्टर किए पानी पिलाया जा रहा है। लिहाजा ग्रामीणों को बीमारी का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसई आईपीएच को भेजी है।
लोगों ने शिकायत में कहा है कि उन्हें नदी से सीधे तौर पर पानी पिलाया जा रहा है। इससे कभी भी कोई बीमारी लोगों को अपनी चपेट में ले सकती है। लोगों का कहना है कि महालाना उठाऊ पेयजल योजना से लोगों को पानी की आपूर्ति होती है। मगर योजना में कोई फिल्टर नहीं लगा है। महालाना उठाऊ पेयजल योजना से महालाना, सरहोज, बागा, सरसु, भाजी व बनाड़ आदि गांव के सैकड़ों लोगों को पानी मिलता है।
वसुंधरा विकास समिति के निदेशक सुखदेव शर्मा, पूर्व पंचायत प्रधान तारादत्त, रामस्वरूप शर्मा, पदमदेव, सुशील शर्मा, रविप्रकाश, रमेश व मदन ने बताया कि उनके गांव को सीधे नदी से जोड़ा गया है। इससे कभी भी गांव में कोई भी बीमारी पांव पसार सकती है। उन्होंने कहा कि इस योजना में कोई भी फिल्टर नहीं लगा है। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने सरकार व विभाग से मांग की है कि शीघ्र ही इस योजना का सुधार किया जाए ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
उधर, विभाग के सहायक अभियंता अवनीश शर्मा ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए व साफ पानी पहुंचाना विभाग की ड्यूटी है। यदि योजना में फिल्टर नहीं लगा है तो इस मामले की जल्द जांच की जाएगी।