मांगों को लेकर प्रदर्शन करते जलनिगम के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
नाहन (सिरमौर)। आईपीएच विभाग की मनमानी लोगों पर भारी पड़ रही है। नाहन शहर में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं हो रही है। बावजूद इसके पानी के बिल थमाए जा रहे हैं। मीटर देखे बगैर आवंटित हो रहे भारी भरकम बिल देख उपभोक्ताओं के सिर चकराने लगे हैं। लोगों ने दो टूक कहा है कि जब पानी ही नहीं मिल रहा तो वह बिल किस बात के दें।
विभाग कई महीने के बिल एक मुश्त दे रहा है। शहर में एक दिन छोड़कर पानी आ रहा है। कई बार तो कई दिनों तक पानी नसीब नहीं होता। उन्हें एक दिन छोड़कर मात्र दो-तीन बाल्टी पानी ही नसीब हो रहा है। इसके कारण पानी के लिए यहां से वहां भटक रहे हैं। उस पर बिल बिना मीटर रीडिंग के ही थमाए जा रहे हैं।
ढाबों मोहल्ले के राजीव, आकाश, शीला, रानीताल क्षेत्र के रजनी, रीता देवी, दयावंती आदि ने बताया कि उनके घरों के नलों में कभी-कभार ही पानी आता है। जब पानी आता है तो प्रेशर इतना कम होता है कि मात्र एक-दो बाल्टी ही भर पाती है। इसके कारण वह कई मीटर दूरी से हैंडपंपों से पानी ढोते हैं।
बताया कि उनके कई घंटे रोजाना पानी ढोने में ही व्यतीत हो रहे हैं। अनुमान लगा कर दिए बिलों में भारी भरकम राशि भर दी है। कुछ समय पूर्व आईपीएच विभाग ने उपभोक्ताओं को पानी के मीटर दुरुस्त करने को कहा था। इसके बाद उन्होंने अतिरिक्त राशि खर्च कर नए मीटर लगवाए थे। विभागीय कर्मी मीटर देखे बिना अनुमान से ही बिल थमा रहा है।
--बाक्स--
कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है : एसडीओ
उधर नजीर हुसैन एसडीओ, आईपीएच विभाग नाहन ने बताया कि इस बारे में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिन उपभोक्ताओं को शिकायत है वह अपना अकाउंट नंबर, किसके नाम मीटर है, का ब्योरा विभाग को उपलब्ध करवाएं ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।