राजगढ़ कॉलेज में नए विद्यार्थियों को दी कॉलेज गतिविधियों की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़(सिरमौर)। राजगढ़ कॉलेज में नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि मंच का संचालन डॉ. हीरा छेत्री ने किया।
मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या डॉ. मीनू भास्कर जीवन ने छात्रों को जीवन में कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न प्राध्यापकों ने क्रमानुसार मंच पर आकर छात्रों का मार्गदर्शन किया। सबसे पहले डॉ. जगमोहन सिंह ने अपने वर्षों के बहुमूल्य शैक्षणिक अनुभव साझा किए और छात्रों को कॉलेज के माहौल में ढलने के गुर सिखाए।
डॉ. सविता सहगल ने जीवन में संगीत के महत्व पर सुंदर विचार रखे। प्रो. रमेश चौहान ने अर्थशास्त्र विषय की उपयोगिता बताई और कॉलेज व अभिभावकों के बीच समन्वय स्थापित करने वाली पीटीए व्यवस्था की जानकारी दी। प्रो. प्रमोद ने एक विशेष पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सुचारू कार्यान्वयन को समझाया और एनएसएस व धरोहर संरक्षण की गतिविधियों से अवगत कराया।
इसके बाद प्रो. अंकुर सूद, प्रो. अमिता मेहता, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. विपिन ठाकुर, शारीरिक शिक्षा विभाग से डॉ. शशि किरण और प्रो. पूनम ने अपने-अपने शैक्षणिक विषयों की जानकारी दी।