सिरमौर के स्कूलों में पांच अप्रैल से शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया
शिक्षा सत्र 2023-24 में स्कूलों में एनरोलमेंट बढ़ाने पर भी फोकस
15 अप्रैल के बाद दाखिला लेने वालों से वसूली जाएगी लेट फीस
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में 1500 के करीब स्कूलों में बुधवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस दौरान पहली से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के दाखिले होंगे। दाखिला प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बता दें कि स्कूलों में अभी एक से चार अप्रैल तक अवकाश चल रहा है। स्कूल खुलते ही दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसी के साथ कक्षाओं का भी संचालन शुरू हो जाएगा। स्कूलों में पांच से 15 अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों से देरी शुल्क वसूला जाएगा, जो दस रुपये प्रति दस दिन रहेगा।
प्रारंभिक स्कूलों में विद्यार्थियों की एनरोलमेंट बढ़ाने के लिए शिक्षकों ने भी प्रयास तेज कर दिए हैं। शिक्षकों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन समिति भी बच्चों को स्कूलों तक लाने के लिए विशेष प्रयास करेंगी। इसमें शिक्षक और अभिभावकों की नजर क्षेत्र के उन बच्चों को स्कूल लाने पर ज्यादा रहेगी, जिनकी आयु छह वर्ष पूर्ण हो चुकी है।
विशेषकर आंगनबाड़ी केंद्रों में छह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा विभाग का प्रयास यह भी है कि जो बच्चे पास होकर अगली कक्षा में पहुंचे हैं, वह शत-प्रतिशत दाखिला लें। एक भी बच्चा ऐसा न रहे जो स्कूल छोड़ दे। ऐसा मामला सामने आने पर अभिभावक की काउंसलिंग के भी निर्देश स्कूल प्रशासन को दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक कर्मचंद ने बताया कि पांच अप्रैल से स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू की जा रही है। स्कूलों में एनरोलमेंट बढ़ाने का विशेष प्रयास रहेगा। इसके लिए शिक्षक-अभिभावक संयुक्त रूप से प्रयास भी करेंगे। दूरदराज और अति पिछड़े क्षेत्र के लोगों को बच्चों की शिक्षा को लेकर पहले से ही जागरूक भी किया गया है।
तन्हा