नाहन मेडिकल कॉलेज में एलडी स्क्रीन पर बिलासपुर में आयुर्विज्ञान संस्थान ओपीडी के शुभारंभ के लाई
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार ओर से कोविड टीकाकरण की दूसरी खुराक का शतप्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर रविवार को एम्स संस्थान बिलासपुर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका सीधा प्रसारण डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। हालांकि लाइव कार्यक्रम काफी देर से शुरू हुआ, ऐसे में तब तक कार्यक्रम देखने आए लगभग
सभी लोग जा चुके थे। केवल एसडीएम रजनेश कुमार और बीएमओ धगेड़ा डॉ. मोनीषा अग्रवाल सहित चंद लोगों ने ही कार्यक्रम को अंत तक देखा।
इस बीच लोगों के लिए हॉल में लगाई गई कुर्सियां खाली रह गई। लाइव कार्यक्रम साढ़े 11 बजे शुरू होना प्रस्तावित था। इस दौरान विधायक डॉ. राजीव बिंदल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेता एवं स्वास्थ्य विभाग चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य लोग भी पहुंचे थे। सभी लाइव प्रसारण का इंतजार कर रहे थे लेकिन लगभग एक बजे तक कार्यक्रम शुरू न होने के कारण लेक्चर हॉल खाली हो गया। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से लोगों के लिए लगाई कुर्सियां खाली रह गई।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से लाइव कार्यक्रम देखने के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के लेक्चर हॉल में एलईडी स्क्रीन सहित लगाई गई थी। नाहन के अलावा जिले के अन्य पांच स्थानों पर भी कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी लेकिन कार्यक्रम देरी से शुरू होने पर सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकतर स्थानों पर कुर्सियां खाली ही रहीं।
------
जिले के पांच स्थानों में एलईडी स्क्रीन पर देखा कार्यक्रम
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम का जिला सिरमौर में पांच स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए सीधा प्रसारण दिखाया गया। उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल ने अधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम को उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी रूम से देखा। इसके अलावा राजगढ़ के आंबेडकर भवन, पांवटा साहिब की ज्ञान चंद धर्मशाला, सराहां के पंचायत जंज घर, संगड़ाह के राजकीय महाविद्यालय के हाल और नाहन मेडिकल कॉलेज में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।