पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में वन विभाग टीम ने शुक्रवार को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान दो वाहनों को सीज कर 44000 रुपये का जुर्माना किया गया है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि गिरिनगर के समीप जलमुसा नदी में अवैध खनन का धड़ल्ले से कार्य चल रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के रेंजर रोशन लाल, बीओ दलीप सिंह, वनरक्षक दीपक कुमार, जमील और कैलाश की टीम ने छापामारी की।
इस दौरान जलमुसा नदी में ट्रैक्टर अवैध खनन की गतिविधियों में लगे हुये थे। इसके बाद वन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर सीज करके 18000 जुर्माना वसूला। माजरा रेंज के सूरजपुर क्षेत्र में बगैर कागजात खनन सामग्री ले जा रहे एक वाहन को गातू मार्ग पर नाका लगाकर रोका गया। इससे मौके पर 26,000 रुपये राशि जुर्माना किया। इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
वन विभाग टीम ने दोनों वाहनों के संचालकों से 44000 रुपये जुर्माना राशि वसूली है।
वन विभाग पांवटा साहिब के डीएफओ कुनाल अंग्रीश ने पुष्टि की हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को सीज कर 44000 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।