जडेनुआ में पहाड़ी काटकर बजरी-ग्रेवर चोरी करने का आरोप
पुलिस ने बीएनएस और एमएमडीआर एक्ट के तहत दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सरकारी शामलात भूमि पर अवैध खनन कर बजरी-ग्रेवर निकालने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन और दो टिप्पर बरामद किए हैं। मामले में मशीन चालक, टिप्पर चालकों और वाहन मालिकों की कथित संलिप्तता सामने आई है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि सोमवार सुबह थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान जडेनुआ में सड़क के पास पहाड़ी की कटाई होती दिखाई दी। मौके से जेसीबी मशीन से खुदाई की आवाज भी सुनाई दे रही थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि जेसीबी से निकाली गई बजरी-ग्रेवर टिपर में भरी जा रही थी। एक अन्य टिपर भी वहां खड़ा था। जांच में खनन वाली जमीन सरकारी शामलात भूमि पाई गई।
एसपी एनएस नेगी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जेसीबी चालक नितिन चौहान, टिपर चालक अजय पुंडीर और रोहन कुमार तथा सतीश ठाकुर, संजीव ठाकुर और बृजपाल की कथित संलिप्तता सामने आई है। आरोप है कि सभी ने आपसी संपर्क के बाद सरकारी भूमि पर अवैध खनन कर बजरी-ग्रेवर निकाली और चोरी की। पुलिस थाना पच्छाद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।