नाहन (सिरमौर)। बढ़ती महंगाई के बीच अब होटलों और ढाबों में भी खाना महंगा हो गया है। जिला मुख्यालय नाहन सहित सिरमौर के विभिन्न हिस्सों में होटल और ढाबा संचालकों ने खाने के दाम बढ़ा दिए हैं। फिलहाल प्रशासन इससे बेखबर है।
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन की बात करें तो यहां से ढाबा संचालकों ने डाइट में 10 से 20 रुपये का इजाफा किया है। कुछ अरसा पहले प्रशासन ने साधारण थाली के दाम 60 रुपये निर्धारित किए थे। इस बीच भी कुछेक ढाबा संचालक उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से बढ़ाकर खाने के दाम वसूल रहे थे, लेकिन अब रसोई गैस सिलिंडर के दामों में 250 रुपये की बढ़ोतरी होने और सब्जियों समेत रिफाइंड और आटे के दाम बढ़ने से ढाबा और होटल संचालकों ने गुपचुप तरीके से थाली महंगी कर दी है। जबकि, प्रशासन ने इसे लेकर अभी कोई अधिूसचना जारी नहीं की है।
नाहन सहित कालाअंब, ददाहू और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे ढाबों पर भी संचालकों ने रेट बढ़ा दिए हैं। जब इस बारे उपभोक्ता संचालकों से बात कर रहे हैं तो यही तर्क मिल रहा कि सिलिंडर ही नहीं दालें, मसाले भी महंगे हो गए हैं। नाहन शहर के ढाबों में साधारण थाली 80 रुपये तके मिल रही है। जबकि, स्पेशल थाली की कीमत इससे कहीं अधिक है, जिसमें दही समेत सलाद और सब्जी अतिरिक्त दी जा रहा है। वहीं, कालाअंब के छोटे ढाबों में जहां पहले 60 रुपये खाना परोसा जा रहा था, वहां 70 रुपये और 70 रुपये डाइट वाले संचालक ने दाम 80 रुपये कर दिए हैं, जबकि बड़े ढाबों और होटलों में भोजन इससे अधिक महंगा हो गया है। कई जगह खाने के नाम पर संचालकों की मनमानी भी छिपी नहीं है। ददाहू क्षेत्र के ढाबों पर भी थाली 10 से 20 रुपये महंगी हुई है। संवाद
सब्जियों के दाम भी बढ़े
पिछले 10 दिन में सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। गोभी पहले 30 से अब 40 रुपये बिक रही है। शिमला मिर्च 70 से 80 रुपये, फ्रांसबीन 80 रुपये, भिंडी 120 रुपये, टमाटर 40, खीरा 40, बैंगन 40 रुपये बिक रहा है। पेट्रोल डीजल की कीमतों से सब्जियों के दाम महंगे हुए हैं। कुछ सब्जियां आफ सीजन के चलते महंगी बिक रही हैं।
-होटलों और ढाबों में खाने की नई दरों को लेकर अभी अधिसूचना जारी नहीं की गई है। भोजन की दरें निर्धारित की जाएंगी। मनमाने दाम वसूलने वालों पर कार्रवाई होगी। प्रशासन जल्द ही अधिसूचना जारी करेगा। - रामकुमार गौतम, उपायुक्त सिरमौर