निगम की बसों में 17 रुपये तो हरियाणा रोडवेज में लिए जा रहे 10 रुपये, लोगों में रोष
हरियाणा सरकार के निर्धारित किराये के अनुरूप किराया लेने का निगम से किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से नारायणगढ़ (हरियाणा) तक सफर करने वाले यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में महंगा किराया चुकाना पड़ रहा है। 10 किलोमीटर की इस दूरी के लिए जहां हरियाणा सरकार ने 10 रुपये प्रति यात्री किराया तय कर रखा है, वहीं एचआरटीसी की बसों में 17 रुपये प्रति यात्री वसूले जा रहे हैं। यह हरियाणा सरकार के निर्धारित किराये से 70 प्रतिशत अधिक है।
स्थानीय लोगों में संजय कुमार, मोहित, संदीप, रेखा, दीपक, आशु, बबली, आशा, सेवा राम और मोतीलाल ने बताया कि एचआरटीसी की बसों में हरियाणा रोडवेज के मुकाबले अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा है।
हरियाणा रोडवेज और अन्य राज्यों की बसों में यात्रियों से यही दूरी तय करने के लिए केवल 10 रुपये किराया लिया जाता है, जबकि निगम की बसों में हरियाणा क्षेत्र में मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जिससे रोजाना यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि निगम इस मामले पर तुरंत संज्ञान ले और हरियाणा सरकार की ओर से निर्धारित किराये के अनुरूप ही किराया लिया जाए।
एचआरटीसी नाहन डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राम दयाल ने बताया कि निगम की लंबी दूरी के रूट की बसों में इस्तेमाल होने वाली टिकट मशीनों में कालाअंब से नारायणगढ़ तक का किराया 17 रुपये ही फीड किया गया है।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में एचआरटीसी में किराया अधिक होने का मुख्य कारण हिमाचल में लागू प्रति किलोमीटर किराया दर है। प्रदेश में यह दर लगभग 1.80 रुपये प्रति किलोमीटर तय की गई है, जिसके चलते 10 किलोमीटर के लिए 17 रुपये किराया लिया जा रहा है।
-संवाद