ग्राउंड रिपोर्ट-
बड़ी मरम्मत के लिए नाहन डिपो भेजी जा रही एचआरटीसी की बसें
दशकों पुरानी कई बसों की हालत ठीक नहीं, पार्किंग कि दिक्कतें जारी
दिन में लोकल-बाहरी राज्यों से पहुंचने वाली बसों के चलते पार्किंग समस्या
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम और तत्कालीन सरकार ने पांच वर्ष पहले पांवटा साहिब में सब डिपो का दर्जा कर दिया। बस स्टैंड परिसर में सब डिपो पांवटा का फट्टा तो टांग दिया गया है, लेकिन प्रदेश की सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम नाममात्र की सुविधाएं देना भूल गया है।
दशकों पुरानी बसों की हालत खास अच्छी नहीं है, मेजर समस्या आने पर अब भी मरम्मत को नाहन डिपो के वर्कशॉप में भेजनी पड़ती हैं। दोपहर के समय बाहरी राज्यों, लोकल और निगम की बसों के पहुंचने पर पार्किंग की दिक्कतें पेश आ रहीं हैं। भविष्य में पार्किंग की समस्या और विकराल होने वाली है।
बता दें कि 25 सितंबर 2021 को पूर्व भाजपा की सरकार के कार्यकाल में हिमाचल पथ परिवहन निगम सब डिपो पांवटा साहिब का विधिवत शुभारंभ किया था। इसके बाद लोगों को उम्मीद बंधी थी की तय मापदंड अनुसार कैशियर, डीटी सेल, अड्डा प्रभारी, इंक्वायरी ड्यूटी कर्मी के साथ ही वर्कशाप, पांच मिस्त्री और 2 वाशिंग ब्वॉय होने चाहिए, लेकिन सब डिपो में केवल 2 मिस्त्री और एक वाशिंग ब्वॉय ही है। कैशियर और अड्डा प्रभारी पद एक ही कर्मचारी देख रहा है।
सब डिपो में पांच वर्षों के बाद बसों के खराब होने, खास कर इंजन-गीयर समेत मेजर फाल्ट आने पर बसों को नाहन डिपो के वर्कशॉप-गैराज में भेजना पड़ रहा है।
सिरमौर निजी बस ऑपरेटर यूनियन प्रधान बलविंद्र सिंह और महासचिव अखिल शर्मा ने बताया कि एचआरटीसी, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों की डेढ़ सौ से अधिक बसें पांवटा पहुंचती हैं, लेकिन दिन के समय इन बसों को ठीक से पार्किंग नहीं मिल पाती है। पिछले पांच वर्षों से पुराना शेड तक नहीं हटाया जा सका है। ये शेड हटता तो डेढ़ से दो दर्जन बसों को पार्किंग की सुविधा मिल सकती है, लेकिन निगम पार्किंग समस्या दूर करने की जगह इस स्थल पर दुकानों के निर्माण करवानेे को तवज्जो दे रहा है। आने वाले समय में पार्किंग की समस्या और भी अधिक विकराल हो सकती है। सरकार और निगम अब तक बस ऑपरेटरों व आम जनता को होने वाली दिक्कतों व समस्याओं के निराकरण का कोई प्रयास नहीं कर रही है।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक नाहन रामदयाल ने बताया कि रिक्त पदों के बारे में सरकार व निगम के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
संवाद
पावटा साहिब सब डिपो के रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की टूटे शीशे वाली बस। संवाद