संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुरला में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य साहित्यिक और सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी दिवस को यादगार बनाने के लिए विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं की धूम रही, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समारोह का शुभारंभ मुख्यातिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सैनी ने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया। मंच का सफल और प्रभावी संचालन दीपा कांसल की ओर से किया गया। हिन्दी अध्यापिका मधुबाला ने सभी विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा और राष्ट्रभाषा हिन्दी को दैनिक व्यवहार में गर्व से अपनाने का संदेश दिया।
इस दौरान कई तरह की प्रतियोगिताएं भी हुईं। वरिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में राधिका (बारहवीं) ने प्रथम, लक्की (बारहवीं) ने द्वितीय और वर्षा (ग्यारहवीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में सुनिधि (बारहवीं) ने पहला, हिमांशु (नौवीं) ने दूसरा और मन्नत (बारहवीं) ने तीसरा स्थान हासिल किया। सुलेख/लेखन प्रतियोगिता में सिमरन (बारहवीं) प्रथम, हिमानी ठाकुर (बारहवीं) द्वितीय और दिव्यांशी (ग्यारहवीं) तृतीय स्थान पर रहीं।
कनिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता के नन्हे वक्ताओं में दीपाली ने प्रथम, सूरज ने द्वितीय और वैदिका ने तृतीय स्थान पाया। नारा लेखन प्रतियोगिता में चारु (आठवीं) ने बाजी मारते हुए पहला, सोनम (आठवीं) ने दूसरा और मीनाक्षी ने तीसरा स्थान हासिल किया। सुलेख/लेखन प्रतियोगिता में आरती (आठवीं) प्रथम, शिवन्या द्वितीय और दिव्या (छठी) तृतीय स्थान पर रहीं।