स्वास्थ्य धगेड़ा खंड की मासिक बैठक में बीएमओ ने दी जानकारी
एचपीवी वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने पर दिया विशेष जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की मासिक बैठक वीरवार को नाहन में हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने की। इसमें चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षिक व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान गत वित्तीय वर्ष में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में संचालित योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि धगेड़ा ब्लॉक ने एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्य का 112 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है, जो सराहनीय उपलब्धि है।
इसके अलावा ई-संजीवनी सेवा के लक्ष्य को भी 100 प्रतिशत पूरा किया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक माह आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिविरों का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल किया गया है। बैठक में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार की समस्या नहीं होती।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगे आकर इस टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि 11 और 12 अप्रैल को एमसीएच सेंटर नाहन और ददाहू में एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बैठक में सुरक्षित मातृत्व दिवस (सेफ मदरहुड डे) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि वे आमजन को मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर सकें।