नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण से 62 वर्षीय प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई है। सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार बिहार का रहने वाला 62 वर्षीय यह व्यक्ति औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद में किसी उद्योग में काम करता था। सांस की दिक्कत के चलते यह डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचाराधीन था।
बीती रात इसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई, इसके चलते इसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। मगर मरीज ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट भी लिया गया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सोमवार को कोविड प्रोटोकॉल के तहत इस व्यक्ति का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सिरमौर जिला में कोरोना संक्रमण से यह 19वीं मौत है। हालांकि जिले में कोरोना रिकवरी रेशो काफी अच्छी है। सोमवार शाम पांच बजे तक के कोरोना बुलेटिन के मुताबिक जिले में एक्टिव मामलों की संख्या 95 है। सिरमौर जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बिहार के एक 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति मोगीनंद की किसी कंपनी में काम करता था। सांस लेने में दिक्कत के चलते मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन था।
......