सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के नारग स्थित यूको बैंक में रविवार रात चोरों ने बैंक में सेंध लगाने का असफल प्रयास किया। हालांकि, शातिर बैंक के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर बैंक के अंदर सेफ तक पहुंच गए थे लेकिन सेफ का ताला न टूटने के कारण बैंक में रखी पूंजी को नहीं लूट पाए। सोमवार सुबह जब बैंक कर्मचारी बैंक पहुंचे तो जैसे ही उन्होंने देखा कि बैंक के ताले टूटे हुए हैं उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पच्छाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पच्छाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने जांच करते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन से चार नकाबपोश लोग बैंक में घुसते और सेफ के तालों को तोड़ने की कोशिश करते हुए दिखाई दिए।
बाजार के बीचोंबीच यूको बैंक में सेंध लगाने की खबर से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार रविवार रात तीन से चार चोरों ने यूको बैंक की नारग शाखा में सेंधमारी की कोशिश है। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
...........