-कोटला मोलर, पनार और धगेड़ा में लगे आयुष्मान आरोग्य और निक्षय शिविर
-टीबी के संभावित लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच करवाएं : डॉ. मोनीषा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को अवकाश के दिन भी अपनी सेवाएं जारी रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविरों का आयोजन किया। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से मंगलवार को कोटला मोलर, पनार और धगेड़ा में आयुष्मान आरोग्य और निक्षय शिविर लगाए गए, जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविरों में करीब 90 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। पनार में 48, धगेड़ा में 20 और कोटला मोलर में 42 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत भी लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और आशा कार्यकर्ताओं ने टीबी के लक्षण, जांच और बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा संदिग्ध मरीजों को समय पर जांच कराने की सलाह दी।
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को अवकाश होने के बावजूद खंड के तीन केंद्रों पर शिविर आयोजित किए गए, ताकि दूरदराज के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि बुधवार को पनियाली और नेहरस्वार में भी स्वास्थ्य जांच और निक्षय शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यदि टीबी के संभावित लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच करवाएं, ताकि समय रहते उपचार संभव हो सके। संवाद
पनार में आयोजित शिविर में महिला के स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सक। स्रोत : विभाग