फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirmour News: सिरमौर में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 261 पद खाली

विज्ञापन
विज्ञापन
-शिलाई, राजगढ़, संगड़ाह और पच्छाद खंडों का बुरा हाल
विज्ञापन


-151 स्वास्थ्य उपकेंद्रों की व्यवस्था मात्र 41 कर्मियों के भरोसे

संवाद न्यूज एजेंसी

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं स्टाफ की भारी कमी से प्रभावित हो रही हैं। जिले में लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर तो स्थापित कर दिए गए हैं, लेकिन इनमें सृजित अधिकांश पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन और लोगों तक मूलभूत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में दिक्कतें आ रहीं हैं।

जिले में वर्तमान में 151 स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। प्रत्येक केंद्र में एक महिला और एक पुरुष बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता का पद सृजित किया गया है। इसके बावजूद 302 स्वीकृत पदों में से केवल 41 पदों पर ही कर्मचारी तैनात हैं, जबकि 261 पद रिक्त चल रहे हैं। स्वास्थ्य खंड शिलाई, राजगढ़, संगड़ाह और पच्छाद में स्थिति सबसे अधिक खराब है।
विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुछ स्वास्थ्य उपकेंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन फील्ड स्तर के कार्यों और रिपोर्टिंग का जिम्मा बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को ही संभालना पड़ रहा है। कर्मचारियों की कमी के कारण वर्तमान में कार्यरत कर्मियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं। टीकाकरण अभियान, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल, स्वास्थ्य सर्वे, जागरूकता कार्यक्रम और विभाग को रिपोर्ट भेजने जैसे कार्य इन्हीं कर्मचारियों के जिम्मे होते हैं।

स्वास्थ्य खंड राजपुर में 86 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 19 महिला और एक पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता सेवाएं दे रहे हैं। राजगढ़ में 26 पदों में एक पुरुष और चार महिला कर्मी तैनात हैं। संगड़ाह स्वास्थ्य खंड में 56 पदों के मुकाबले दो पुरुष और एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ही कार्यरत हैं। इसी तरह सराहां स्वास्थ्य खंड में 46 स्वीकृत पदों में केवल दो महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, धगेड़ा स्वास्थ्य खंड में 58 पदों में आठ महिला और दो पुरुष कर्मी कार्यरत हैं, जबकि शिलाई स्वास्थ्य खंड में 30 पदों में केवल एक महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता सेवाएं दे रही हैं।
विज्ञापन


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि जिले के कई स्वास्थ्य संस्थानों में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के पद रिक्त हैं। कुछ संस्थानों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सेवाएं दे रहे हैं। कई स्थानों पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही रिक्त स्वास्थ्य केंद्रों में तैनाती की जाएगी। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें