सिरमौर में जारी रहेगा टीबी स्क्रीनिंग अभियान : डॉ. निसार
मासिक समीक्षा बैठक में बोले जिला स्वास्थ्य अधिकारी
खंड धगेड़ा और राजपुरा में पहले शुरू की जाएगी स्क्रीनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला सिरमौर की ओर से सोमवार को नाहन में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में चल रहे क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रमों की मई महीने की प्रगति रिपोर्ट पर समीक्षा की गई।
जिला टीबी अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने बताया कि सिरमौर जिले को क्षय रोग मुक्त करने के लिए चलाए गए 100 दिन के स्क्रीनिंग अभियान को जारी रखा जाएगा। राजपुरा और धगेड़ा खंड में औद्योगिक क्षेत्र ज्यादा हैं। प्रवासी मजदूरों की संख्या को देखते हुए सबसे पहले इन खंडों में स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पतालों के अलावा पोर्टेबल हैंड हेल्ड मशीन से स्क्रीनिंग की जा रही है।
उन्होंने बीएमओ, चिकित्सा अधिकारियों और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरुकता कार्यक्रमों को बढ़ाने के निर्देश दिए। जानकारी के अभाव में लोग इस बीमारी का शिकार हो रहे हैं। अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों में यदि खांसी, लंबे समय तक बुखार के लक्षण दिखाई दें तो उनके सैंपल की जांच अवश्य करवाएं। उन्होंने जिले के दवा सेंटरों में टीबी की दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी फीडबैक लिया।
बैठक में राज्य की ओर से आए डॉ. निशांत, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल, डॉ. उपासना शर्मा के अलावा जिले के अन्य बीएमओ और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
....संवाद