नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर सैनवाला में निक्षय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ टीबी के प्रति जागरूक किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिषा अग्रवाल ने बताया कि शिविर के दौरान 89 लोगों के एक्सरे किए गए।
उन्होंने बताया कि शिविर में हैंड हेल्ड पोर्टेबल मशीन के माध्यम से मौके पर ही एक्सरे जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जिसका समय पर पता लगाकर उपचार किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना और कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। इस मौके पर डॉ. काम्या गुप्ता व अन्य स्टाफ मौजूद रहा। संवाद